रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के रखरखाव में लापरवाही मिलने पर चार प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की है. विभाग की टीम ने करीब 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट करवाया. चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर उन्हें कम से कम तीन दिन बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं.

यह कार्रवाई खाद्य नियंत्रक दीपक अग्रवाल के नेतृत्व में हुई. टीम ने तेलीबांधा क्षेत्र स्थित न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स और स्वीट हट एंड बेकरी का निरीक्षण किया. इसके अलावा पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा की भी जांच की गई. विभाग के अनुसार, निरीक्षण के दौरान दुकानों में स्वच्छता व्यवस्था ठीक नहीं मिली और खाद्य पदार्थों को रखने में भी लापरवाही पाई गई.

खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे

निरीक्षण के दौरान खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयों समेत कई खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए हैं. इन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया है. विभाग ने कहा कि जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी.

विभाग ने प्रतिष्ठानों को साफ-सफाई सुधारने के निर्देश दिए हैं और व्यवस्था में सुधार होने तक दुकानें बंद रखने को कहा है. नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने कहा कि खाद्य गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित रखरखाव में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. विभाग के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा.