रायपुर. छत्तीसगढ़ के वर्तमान और संभावित निर्यातकों को मुक्त व्यापार समझौतों (FTA) के तहत उपलब्ध कारोबारी अवसरों की जानकारी देने के लिए 12 नवंबर को राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी. एक दिवसीय यह कार्यक्रम रायपुर के वीआईपी रोड स्थित होटल बेबीलोन इंटरनेशनल में सुबह 10:30 बजे से शुरू होगा.
कार्यशाला का आयोजन भारत सरकार के वाणिज्य विभाग और छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग विभाग के सहयोग से किया जा रहा है. इसका उद्देश्य राज्य के निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कारोबार विस्तार की संभावनाओं और FTA के व्यावहारिक उपयोग से परिचित कराना है.
इन बाजारों पर रहेगा फोकस
कार्यक्रम में यूनाइटेड किंगडम (UK), ओमान, न्यूजीलैंड, संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और ऑस्ट्रेलिया सहित उच्च संभावनाओं वाले बाजारों में उपलब्ध तथा उभरते अवसरों पर जानकारी दी जाएगी. भारत के विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों के तहत कुछ भारतीय उत्पादों को कई बाजारों में शून्य या रियायती आयात शुल्क का लाभ मिल सकता है.
कार्यशाला में क्षेत्र-विशिष्ट ब्रेकआउट सत्र भी होंगे. इनमें अलग-अलग क्षेत्रों के संभावित निर्यात उत्पादों, निर्यात अवसरों, उत्पत्ति के नियमों और गैर-शुल्क बाधाओं पर चर्चा की जाएगी. प्रतिभागियों को FTA से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण व्यापारिक विषयों की भी जानकारी दी जाएगी.
इन सत्रों का उद्देश्य निर्यातकों को ऐसी व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है, जिससे वे मुक्त व्यापार समझौतों के तहत मिलने वाले लाभों का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकें. कार्यक्रम में भारत सरकार के वाणिज्य विभाग, भारतीय व्यापार संवर्धन संगठन (ITPO) तथा छत्तीसगढ़ शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति अपेक्षित है.
