रायपुर जिले के राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनौद में मकान मालिक की मौत के मामले में पुलिस ने उसके किराएदार को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच चरित्र संबंधी शक को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. घटना के बाद आरोपी पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप है.
पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान गनौद निवासी वेद राम साहू (लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है. आरोपी पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू (25) ग्राम धमनी भाटापारा, वार्ड नंबर 2, थाना मंदिर हसौद क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है.
विवाद के बाद मारपीट की बात
पुलिस जांच में सामने आया है कि पुरुषोत्तम पिछले एक-दो वर्षों से वेद राम साहू के मकान में किराए पर रहकर ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता था. पुलिस के अनुसार, मकान मालिक को अपनी पत्नी और किराएदार के बीच अवैध संबंध होने का शक था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और विवाद होता था.
पुलिस का कहना है कि घटना वाले दिन भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो कथित तौर पर हाथापाई में बदल गई. आरोप है कि इसी दौरान पुरुषोत्तम ने वेद राम साहू का गला दबा दिया. दम घुटने से उनकी मौके पर मौत होने की बात पुलिस ने कही है.
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस को घटना की सूचना सुबह करीब 11:30 बजे मिली. इसके बाद टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ की गई. पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा और उसे हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की.
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. मौत की परिस्थितियों और आरोपों की आगे की पुष्टि जांच तथा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी.
