गणेशोत्सव से पहले रायपुर में इस बार बांस, पूजा सामग्री, मोती, धूप-अगरबत्ती और दालों जैसी चीजों से गणेश प्रतिमाएं तैयार की जा रही हैं. रायपुरा इलाके के मूर्तिकार राहुल यादव और उनका परिवार ग्राहकों की पसंद और बताए गए डिजाइन के आधार पर ये प्रतिमाएं बना रहा है.
बांस से बनाई जा रही एक प्रतिमा में मिट्टी का इस्तेमाल नहीं किया गया है. बांस को छोटे टुकड़ों में काटकर जोड़ा गया, उसकी ऊपरी छाल हटाकर आकार दिया गया और मजबूती के लिए लकड़ी व पेपर का उपयोग किया गया. इस प्रतिमा की लागत करीब 40 से 50 हजार रुपये बताई गई है. ऐसी प्रतिमाएं सीमित संख्या में और प्री-ऑर्डर पर बनाई जाती हैं.
धूप-अगरबत्ती से 12 फीट ऊंची प्रतिमा भी तैयार की जा रही है. इसमें अलग-अलग रंगों की धूप की स्टिक और गीली धूप से माला, फूल व कड़े जैसी सजावट बनाई गई है. इसके अलावा नारियल की जूट, कमल गट्टे, रुद्राक्ष, मौली और मोतियों से भी प्रतिमाएं तैयार की गई हैं.
राहुल यादव ने मसूर दाल, चना और भुट्टे से भी गणेश प्रतिमाएं बनाई हैं. उनका परिवार करीब 30 वर्षों से मूर्तियां बना रहा है, जबकि उनके दोनों बेटे लगभग 15 वर्षों से इस काम में सहयोग कर रहे हैं.
