रायपुर में गणेश विसर्जन झांकियों के मार्ग को लेकर पुलिस और गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों के बीच सहमति नहीं बन सकी. सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था की तैयारियों को लेकर सी-फोर भवन में हुई बैठक में पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग और एसडीआरएफ के अधिकारी शामिल हुए.

बैठक में सदर बाजार क्षेत्र के जर्जर भवनों का मुद्दा प्रमुखता से उठा. अधिकारियों ने सुरक्षा कारणों से इस क्षेत्र में झांकियों का मार्ग बदलने का प्रस्ताव रखा, लेकिन आयोजकों ने रूट बदलने पर असहमति जताई. हालांकि, उन्होंने साउंड निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने और डीजे का बेस तथा वाइब्रेशन मोड बंद रखने पर सहमति दी.

आयोजकों से निर्धारित मार्ग, समय और क्रम का पालन करने को कहा गया है. झांकियों को रास्ते में अनावश्यक रूप से रोकने पर भी रोक रहेगी. प्रत्येक झांकी के साथ पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वालंटियर रखने और उनकी पहचान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.

प्रशासन ने झांकियों में नशे का सेवन नहीं करने तथा हथियार या धारदार वस्तु नहीं रखने को कहा है. डीजे और ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित नियमों के तहत करना होगा. आपातकालीन वाहनों और पीछे से आने वाली झांकियों के लिए रास्ता खुला रखने के साथ पुलिस और यातायात अधिकारियों के निर्देशों का पालन भी अनिवार्य होगा.