रायपुर की पॉर्क साइड रेसिडेंशियल कॉलोनी में गणेश उत्सव के दौरान प्रसाद और पूजा सामग्री को लेकर कथित टिप्पणी पर विवाद सामने आया है. कॉलोनी की गणेश समिति के सदस्यों ने इस मामले में खम्हारडीह थाने में शिकायत दी है. पुलिस ने शिकायत के साथ व्हाट्सऐप ग्रुप पर साझा किया गया ऑडियो भी लिया है और मामले की जांच की बात कही है.

समिति के सदस्यों के अनुसार, कॉलोनी में गणेश प्रतिमा स्थापना के साथ पूजा-पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया था. आयोजन से जुड़ा एक ऑडियो सोसाइटी के अधिकृत व्हाट्सऐप ग्रुप पर साझा किया गया. समिति का आरोप है कि ऑडियो में प्रसाद और पूजा सामग्री को लेकर आपत्तिजनक बातें कही गईं. सदस्यों ने ऑडियो, टिप्पणी के संदर्भ और उसके वास्तविक आशय की जांच की मांग की है.

ऑडियो साझा करने वाले कॉलोनी निवासी कैल्विन सैम्यूअल ने आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना है कि उन्होंने प्रसाद को लेकर टिप्पणी नहीं की थी, बल्कि फ्लैट के नीचे फैली गंदगी के संबंध में बात की थी. उन्होंने यह भी कहा कि वह मंदिर बनाए जाने के पक्ष में थे और ऑडियो के कुछ शब्दों में बदलाव हुआ था, जिसके लिए उन्होंने माफी मांग ली थी.

सैम्यूअल ने समिति के सदस्यों पर विवाद को धार्मिक रंग देने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ धमकी और धक्का-मुक्की की शिकायत किए जाने की बात भी कही है.

खम्हारडीह थाना प्रभारी भावेश गौतम ने शिकायत मिलने की पुष्टि की. उनके अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद है. ऑडियो और पूरे घटनाक्रम की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. समिति ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने से जुड़े प्रावधानों में कार्रवाई की मांग की है.