रायपुर में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन 25 सितंबर से शुरू होगा. प्रशासन ने बड़ी प्रतिमाओं के लिए महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड और छोटी प्रतिमाओं के लिए शहर में 43 अस्थायी कुंड तैयार किए हैं. खारून नदी, तेलीबांधा तालाब, बूढ़ातालाब समेत अन्य तालाबों में प्रतिमा विसर्जन प्रतिबंधित रहेगा. इन जगहों पर प्रतिमा विसर्जित करने पर चालानी कार्रवाई की जाएगी.

महादेवघाट में छह दिन रहेगी व्यवस्था

महादेवघाट विसर्जन कुंड की व्यवस्था के लिए नगर निगम ने समिति गठित की है. यहां 25 सितंबर सुबह 6 बजे से 1 अक्टूबर सुबह 6 बजे तक अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. कुंड पर गोताखोर, मोटर बोट, एंबुलेंस, मेडिकल टीम और फायर ब्रिगेड की तैनाती रहेगी. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, यहां अब तक 150 से ज्यादा प्रतिमाओं का विसर्जन हो चुका है.

विसर्जन के बाद वाहनों की वापसी महादेवघाट तिराहा, एनीकट मार्ग, भाठागांव चौक और रिंग रोड-1 से होगी. इस दौरान शहर में भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी. मालवाहक वाहनों को रायपुरा चौक पर रोका जाएगा. अम्लेश्वर से रायपुर आने वाले वाहन अम्लेश्वर-कुम्हारी-टाटीबंध या खुड़मुड़ा-भाठागांव मार्ग से आ सकेंगे.

27 सितंबर को निकलेगी झांकी

गणेश विसर्जन के बाद 27 सितंबर को शहर में झांकियां निकाली जाएंगी. झांकी शारदा चौक से शुरू होगी, जहां समितियों को नंबर दिए जाएंगे. इसके बाद मार्ग जयस्तंभ चौक, कोतवाली, सदर बाजार, सत्ती बाजार, कंकाली तालाब, पुरानी बस्ती थाना चौक, लीली चौक, लाखेनगर चौक और सुंदरनगर होते हुए महादेवघाट विसर्जन कुंड तक रहेगा. लाखेनगर चौक से महादेवघाट रिंग रोड तक यातायात वन-वे रहेगा.

पुलिस ने समितियों को तय मार्ग, समय और क्रम का पालन करने को कहा है. झांकी को अनावश्यक रूप से रोकने, नशे का सेवन करने और हथियार या धारदार वस्तु रखने पर रोक रहेगी. आयोजकों से प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उन्हें पहचान पत्र देने के लिए भी कहा गया है.

डीजे पर नियम, संवेदनशील इलाकों में निगरानी

आयोजकों ने साउंड सिस्टम निर्धारित मानकों के अनुसार चलाने और बेस व वाइब्रेशन मोड बंद रखने पर सहमति जताई है. पुलिस प्रमुख चौराहों और झांकी मार्ग पर ड्रोन से निगरानी करेगी. विसर्जन के दौरान महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ करने वालों पर नजर रखने के लिए महिला पुलिसकर्मी सिविल ड्रेस में तैनात रहेंगी. शहर में 1,000 से ज्यादा पुलिस जवानों की तैनाती की जाएगी.

सदर बाजार के जर्जर भवनों से संभावित खतरे पर भी बैठक में चर्चा हुई. पुलिस, नगर निगम और SDRF ने सुरक्षा के लिए मार्ग बदलने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन आयोजक रूट बदलने पर सहमत नहीं हुए.