रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी 28 सितंबर की रात निकाली जाएगी. नगर निगम प्रशासन ने झांकी मार्ग में आने वाले जर्जर भवनों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की तैयारी की है. सदर बाजार और सत्ती बाजार क्षेत्र में पुराने भवनों के आसपास भीड़ जुटने से हादसे की आशंका को देखते हुए भवन मालिकों से सहयोग मांगा गया है.

नगर निगम की टीम ने झांकी के निर्धारित रूट का निरीक्षण कर संबंधित भवन मालिकों से चर्चा की. प्रशासन ने अपील की है कि झांकी से एक दिन पहले, झांकी वाले दिन और एक दिन बाद—कुल तीन दिन—जर्जर भवन बंद रखे जाएं और भवन मालिक किसी अन्य स्थान पर रहें. उनके बाहर जाने के बाद पुलिस की निगरानी में भवनों के सामने बैरिकेडिंग कराई जाएगी, ताकि लोग वहां खड़े न हों.

झांकी सोमवार शाम 6 बजे शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल पहुंचेगी. शाम 6 बजे से इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. केवल झांकी और पैदल श्रद्धालुओं को प्रवेश की अनुमति होगी.

यातायात के वैकल्पिक मार्ग

टाटीबंध से महोबा बाजार, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन, फाफाडीह और शास्त्री चौक की ओर जाने की सुविधा रहेगी. वैकल्पिक रूप से रिंग रोड नंबर-1 और पचपेड़ी नाका मार्ग का उपयोग किया जा सकेगा. भनपुरी, तेलीबांधा और पचपेड़ी नाका की ओर से आने वालों के लिए फाफाडीह, रेलवे स्टेशन, शास्त्री चौक, कालीबाड़ी और पचपेड़ी नाका के रास्ते सुझाए गए हैं.

शास्त्री चौक-जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा-शारदा चौक, फायर ब्रिगेड चौक-कोतवाली, लाखेनगर चौक-पुरानी बस्ती थाना और कंकालीपारा-सदर बाजार-कोतवाली सहित कई मार्ग आम वाहनों के लिए बंद रहेंगे. श्रद्धालुओं के लिए मल्टीलेवल पार्किंग, रजबंधा मैदान, शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान, सुभाष स्टेडियम, सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम, गांधी मैदान, भैंसथान मैदान, जवाहर मार्केट और हिंद स्पोर्ट्स मैदान में पार्किंग की व्यवस्था बताई गई है.