रायपुर में रविवार को निकलने वाली गणेश प्रतिमा विसर्जन झांकी के लिए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है. इस बार पिछले वर्षों की तुलना में करीब डेढ़ गुना अधिक पुलिस बल तैनात किया जाएगा. झांकी मार्ग को छह सेक्टरों में बांटकर लगभग 2,000 पुलिसकर्मियों और 50 राजपत्रित अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है.

पुलिस के अनुसार, झांकी मार्ग की निगरानी पांच ड्रोन कैमरों से की जाएगी. प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लगे इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के सीसीटीवी कैमरों से भी गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी. खराब या बंद कैमरों को 25 सितंबर से पहले दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं.

अंदरूनी गलियों पर विशेष निगरानी

पुलिस ने पिछले 10 दिनों में तीनों जोन में 180 बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजने की कार्रवाई की है. झांकी के दौरान भीड़ के बीच विवाद और आसपास के इलाकों में होने वाली घटनाओं को रोकने पर विशेष ध्यान रहेगा.

पिछले वर्षों में झांकी और महादेव घाट के विसर्जन कुंड के आसपास चाकूबाजी की घटनाओं को देखते हुए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे. पुलिस की निगरानी मुख्य मार्ग के साथ उससे जुड़ी अंदरूनी गलियों और संवेदनशील स्थानों पर भी रहेगी. हाथ में कड़े पहनकर आने वालों के कड़े उतरवाने के निर्देश दिए गए हैं.

झांकी शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, कोतवाली चौक, सदरबाजार, कंकालीपारा और पुरानी बस्ती होते हुए लाखेनगर से रायपुरा स्थित महादेव घाट पहुंचेगी. मार्ग पर अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है और श्रद्धालुओं से संभव हो तो पैदल शामिल होने की अपील की गई है.

महादेव घाट के विसर्जन कुंड पर सात क्रेन और करीब एक दर्जन गोताखोर तीन पालियों में ड्यूटी करेंगे. कुंड के पास सीमित संख्या में लोगों को ही जाने की अनुमति होगी. प्रमुख गणेश पंडालों में तैनात पुलिसकर्मी विसर्जन के दिन संबंधित झांकी के साथ रहेंगे.