रायपुर में गणेश उत्सव के समापन पर 28 सितंबर की शाम विसर्जन झांकी निकाली जाएगी. झांकी शाम 6 बजे शारदा चौक से शुरू होकर जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक से होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल पहुंचेगी.
झांकी मार्ग पर शाम 6 बजे से सभी तरह के वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी. इस दौरान झांकी में शामिल वाहनों और पैदल श्रद्धालुओं को ही प्रवेश की अनुमति होगी. ट्रैफिक व्यवस्था के तहत शास्त्री चौक-जयस्तंभ चौक, आश्रम तिराहा-शारदा चौक/जयस्तंभ चौक, सुभाष नगर चौक-मौदहापारा-जयस्तंभ चौक और फायर ब्रिगेड चौक-कोतवाली मार्ग पर आम यातायात बंद रहेगा.
इसके अलावा बुढ़ापारा बिजली ऑफिस चौक से कोतवाली, लाखेनगर चौक से पुरानी बस्ती थाना, बुद्धेश्वर चौक से पुरानी बस्ती थाना और कंकालीपारा से सदर बाजार-कोतवाली मार्ग पर भी यातायात प्रतिबंधित रहेगा. लोगों से इन रास्तों पर वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की गई है.
रायपुर और बिरगांव में शराब बिक्री पर रोक
कलेक्टर के आदेश के अनुसार रायपुर और बिरगांव नगर निगम सीमा क्षेत्र में 28 सितंबर को शाम 4 बजे के बाद सभी शराब दुकानें, बार और क्लब बंद रहेंगे. झांकी के दौरान नशे का सेवन करने, हथियार या धारदार वस्तु रखने पर रोक रहेगी. समितियों से पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स रखने और उन्हें पहचान पत्र देने को कहा गया है. झांकी को अनावश्यक रूप से रोकने की भी अनुमति नहीं होगी. डीजे और साउंड सिस्टम का इस्तेमाल तय नियमों के अनुसार करना होगा.
बेहतर झांकियों को मिलेंगे पुरस्कार
अखिल भारतीय संत समिति, शाखा छत्तीसगढ़ की ओर से विसर्जन झांकियों और समितियों के लिए प्रतियोगिता आयोजित की गई है. ज्यूरी कमेटी प्रस्तुति, धार्मिक-सांस्कृतिक स्वरूप, सजावट और अनुशासन जैसे मानकों पर मूल्यांकन करेगी.
पहले स्थान पर आने वाली समिति को 51 हजार, दूसरे स्थान को 31 हजार और तीसरे स्थान को 21 हजार रुपये दिए जाएंगे. आयोजन से जुड़ी जानकारी के अनुसार विसर्जन में शामिल सभी समितियों और झांकियों को सांत्वना पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा. आयोजकों ने इसे धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने की पहल बताया है.
