रायपुर में गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान पुलिसकर्मियों से कथित गाली-गलौज, धमकी और धक्का-मुक्की के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, जय कुमार तांडी (38) और सत्यनारायण तांडी उर्फ सत्या (33) घटना के बाद से फरार थे. दोनों को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया गया.
घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की बताई गई है. पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था ड्यूटी के दौरान निर्धारित समय के बाद भी तेज आवाज में बज रहे DJ को बंद कराने पहुंचे थे. पुलिस के मुताबिक, समझाइश के बावजूद DJ बंद नहीं किया गया और कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों से बहस शुरू कर दी. आरोप है कि इसी दौरान गाली-गलौज, धमकी और झूमाझटकी की गई.
मामले में सिविल लाइन थाने में BNS की धाराओं 296, 115(2), 221, 224, 132 और 191(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है. अपराध क्रमांक 513/2026 में पुलिस पहले विजय तांडी (27), विशाल तांडी (29), दीपक तांडी (36) और भीम महानंद (32) को गिरफ्तार कर चुकी है.
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता और गवाहों से पूछताछ के आधार पर दोनों फरार आरोपियों की पहचान की गई. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया. सभी आरोपी जगन्नाथ नगर, पंडरी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं. पुलिस ने यह भी कहा कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ पहले जेल जा चुके हैं.
