गणेशोत्सव के दौरान रायपुर में श्रद्धालुओं और दर्शकों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस कमिश्नरेट ने ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया है. रिंग रोड-1 और रिंग रोड-2 से शहर की ओर आने वाले 19 प्रमुख प्रवेश मार्गों पर मध्यम और भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी रोक लगाई गई है.

यह प्रतिबंध 27 सितंबर 2026 तक रोजाना सुबह 5 बजे से रात 2 बजे तक लागू रहेगा. यानी इन वाहनों को रात 2 बजे से सुबह 5 बजे के बीच ही निर्धारित मार्गों से शहर में प्रवेश की अनुमति होगी. आदेश के तहत मालवाहक वाहनों की एंट्री के समय में बदलाव किया गया है.

पुलिस के अनुसार, गणेश प्रतिमाओं और सजावट को देखने के लिए लोग देर शाम बड़ी संख्या में घरों से निकल रहे हैं. इसके चलते शहर के कई हिस्सों में ट्रैफिक का दबाव बढ़ रहा है. लोगों की सुरक्षा और आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है.

पुलिस कमिश्नर ने मोटरयान अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत यह आदेश जारी किया है. नया ट्रैफिक प्लान 27 सितंबर तक शहर के प्रमुख मार्गों पर प्रभावी रहेगा. 28 सितंबर 2026 से पुराने नियम फिर लागू कर दिए जाएंगे. मालवाहक वाहन चालकों को यात्रा से पहले प्रतिबंधित समय और प्रवेश मार्गों की जानकारी लेकर चलने की सलाह दी गई है.