रायपुर में माना कैंप थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी कार से ओडिशा से गांजा लेकर दुर्ग जा रहा था. उसके कब्जे से 21.964 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10.98 लाख रुपए बताई गई है. गांजा और कार समेत कुल 13.48 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है.
पुलिस के अनुसार, 20 सितंबर की रात करीब 11.45 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कार से गांजा लेकर दुर्ग की ओर जा रहा है. इसके बाद माना कैंप पुलिस ने मछली मार्केट के पास नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की. इसी दौरान कार क्रमांक CG 04 NN 6018 को रुकने का संकेत दिया गया. पुलिस का कहना है कि चालक ने कार रोकने के बजाय गति बढ़ाकर भागने की कोशिश की. कुछ दूरी पर कार एक अन्य वाहन और हाट बाजार के पास डिवाइडर से टकराकर रुक गई, जिसके बाद पुलिस ने चालक को पकड़ लिया.
पुलिस ने चालक की पहचान राजेंद्र यादव के रूप में की है, जो महासमुंद जिले के पिथौरा का निवासी बताया गया है. तलाशी में कार की डिक्की से दो बैग मिले. इनमें खाकी टेप से पैक किए गए गांजे के 11 पैकेट रखे थे.
एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने गांजा ओडिशा से लाकर दुर्ग में बेचने के लिए ले जाने की बात कही. उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है और उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. पुलिस अब गांजे के स्रोत और दुर्ग में इसकी सप्लाई लेने वाले लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है.
