रायपुर के खमतराई स्थित शिवानंद नगर के श्री वरसिद्धि विनायक गणेश मंदिर में 21 दिवसीय गणेशोत्सव मनाया जा रहा है. उत्सव के अंतिम दिन 4 अक्टूबर को भगवान गणेश के लिए तैयार किए गए विशेष लड्डू की नीलामी होगी. मंदिर समिति के अनुसार इस बार बोली 1 लाख रुपए से ऊपर जाने की संभावना है.
इस परंपरा की खास बात यह है कि सबसे अधिक बोली लगाने वाला श्रद्धालु लड्डू को अपने घर नहीं ले जाता. पूजा के बाद इसे मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद के रूप में बांट दिया जाता है. मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के समय वर्ष 2008 में शुरू हुई यह नीलामी अब उत्सव का प्रमुख हिस्सा बन चुकी है. समिति के अनुसार इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं को सामूहिक रूप से उत्सव और धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ना है.
पिछले साल टी. श्रीनिवास रेड्डी ने सबसे अधिक बोली लगाकर लड्डू अपने नाम किया था. इसके बाद पूजा कर लड्डू का प्रसाद मंदिर में मौजूद श्रद्धालुओं में वितरित किया गया था. नीलामी में हर साल व्यापारी, उद्योगपति और अन्य श्रद्धालु शामिल होते हैं.
दक्षिण भारतीय शैली में पूजा और प्रतिमा का शृंगार
मंदिर में करीब 5 फीट ऊंची काले पत्थर की गणेश प्रतिमा स्थापित है, जिसे आंध्रप्रदेश से लाया गया है. मंदिर में पूजा पद्धति उत्तर और दक्षिण भारत की परंपराओं को मिलाकर की जाती है. 21 दिनों के दौरान प्रतिमा का अलग-अलग तरीके से शृंगार किया जाता है. इसमें हल्दी, कुमकुम और चंदन समेत अन्य सामग्री का इस्तेमाल होता है.
मंदिर समिति के अनुसार गणेश चतुर्थी से 4 अक्टूबर तक रोज सुबह अभिषेक किया जा रहा है. पंचामृत के साथ अलग-अलग औषधियों का उपयोग भी अभिषेक में किया जाता है. 14 सितंबर से रोज शाम 6 बजे हवन का आयोजन हो रहा है.
उत्सव में आगे ये कार्यक्रम
पुरोहित सोमदत्त ओझा के अनुसार 17 सितंबर को श्री सुब्रह्मण्य स्वामी का कल्याणम और 20 सितंबर को श्री रिद्धि-सिद्धि गणपति कल्याणम आयोजित किया गया. इन अवसरों पर दक्षिण भारतीय पद्धति के अनुसार भगवान का शृंगार किया गया.
25 सितंबर को श्री चक्रम पूजा और श्री ललिता सहस्रनाम पारायण होगा. 28 सितंबर की शाम श्री शिव-पार्वती कल्याणम और 30 सितंबर की शाम 56 भोग का आयोजन प्रस्तावित है. 4 अक्टूबर को सुबह 10 बजे पूर्णाहुति के बाद दोपहर 12 बजे से महाप्रसाद और भंडारा होगा. इसी दिन लड्डू की नीलामी के साथ 21 दिवसीय गणेशोत्सव संपन्न होगा.
