रायपुर में अनंत चतुर्दशी के अवसर पर महादेवघाट स्थित विसर्जन कुंड में गणपति प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी. बारिश के बावजूद परिवारों और समूहों में लोग प्रतिमाएं लेकर यहां पहुंचते रहे.

दोपहर 2 बजे तक कुल 1705 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका था. इनमें 1494 छोटी और 211 बड़ी प्रतिमाएं शामिल हैं. इसके बाद भी प्रतिमाओं के पहुंचने और विसर्जन का सिलसिला जारी रहा. श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं को निर्धारित विसर्जन कुंड में विसर्जित किया.

परिवार के साथ पहुंचे विधायक

रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी भी परिवार के साथ अपने घर की गणपति प्रतिमा लेकर महादेवघाट पहुंचे. उन्होंने प्रतिमा का पूजन-अर्चन करने के बाद विसर्जन किया और शहरवासियों को अनंत चतुर्दशी की शुभकामनाएं दीं.

सोनी ने श्रद्धालुओं से गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित विसर्जन कुंड में ही करने की अपील की. उन्होंने विसर्जन स्थल पर नगर निगम जोन-8 की जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और कार्यपालन अभियंता अतुल चोपड़ा से व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली.

विधायक ने श्रद्धालुओं की आवाजाही और विसर्जन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से चर्चा की. दोपहर बाद भी महादेवघाट विसर्जन कुंड पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम बना रहा.