रायपुर में आगामी गरबा आयोजनों को लेकर पुलिस ने सुरक्षा और कानून व्यवस्था के संबंध में आयोजकों को सख्त निर्देश दिए हैं. डीसीपी सेंट्रल तारकेश्वर पटेल ने आयोजकों के साथ बैठक कर आयोजन स्थलों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि अनुमति पत्र में दर्ज सभी शर्तों का पालन अनिवार्य होगा. नियमों का उल्लंघन या कानून व्यवस्था प्रभावित होने पर अनुमति रद्द करने के साथ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
CCTV और सुरक्षा व्यवस्था जरूरी
पुलिस के निर्देशों के अनुसार आयोजन स्थलों पर पर्याप्त CCTV कैमरे और रिकॉर्डिंग की व्यवस्था करनी होगी. पुरुष और महिला वालंटियर के साथ सुरक्षा गार्ड भी तैनात करने होंगे. इनकी जानकारी संबंधित थाने को देनी होगी. प्रवेश, निकास और आपातकालीन रास्ते खुले रखने के निर्देश भी दिए गए हैं.
गरबा स्थल पर हथियार, ज्वलनशील पदार्थ, मादक पदार्थ और अन्य प्रतिबंधित सामग्री ले जाने पर रोक रहेगी. आयोजकों को प्रवेश के दौरान सुरक्षा जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी. पंडाल में अग्निशमन उपकरण और प्राथमिक चिकित्सा की सुविधा रखना भी अनिवार्य होगा.
DJ और भीड़ प्रबंधन पर निगरानी
पुलिस ने कहा कि गरबा आयोजन केवल निर्धारित स्थान और समय सीमा में ही किए जा सकेंगे. DJ और अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों का इस्तेमाल अनुमति पत्र में तय समय और ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों के अनुसार करना होगा.
आयोजन स्थल की तय क्षमता से अधिक लोगों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा. सार्वजनिक मार्ग और यातायात प्रभावित न हों, इसके लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था करनी होगी. आयोजकों को भीड़ नियंत्रण और आपात स्थिति से निपटने की तैयारी रखने को कहा गया है.
कार्यक्रम में अश्लील, आपत्तिजनक या भड़काऊ प्रस्तुति की अनुमति नहीं होगी. सांप्रदायिक सद्भाव प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर भी रोक रहेगी. प्रत्येक आयोजन में कम से कम दो जिम्मेदार पदाधिकारी मौजूद रहेंगे और किसी घटना की स्थिति में पुलिस तथा आपातकालीन सेवाओं को तत्काल सूचना देनी होगी.
