रायपुर में अब कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ियों की लोकेशन और उनके पहुंचने का समय डिजिटल तरीके से ट्रैक किया जा सकेगा. नगर निगम ने शहर के कचरा वाहनों को GPS आधारित निगरानी व्यवस्था से जोड़ने का फैसला किया है. अधिकारियों के मुताबिक, किसी वाहन के नहीं पहुंचने की शिकायत मिलने पर करीब 5 मिनट में उसका GPS रिकॉर्ड और रूट देखकर स्थिति की जांच की जा सकेगी.
50 से 60 वाहनों के रूट डिजिटल
सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए नगर निगम इंदौर में इस क्षेत्र में काम कर रही एक विशेषज्ञ एजेंसी की मदद ले रहा है. अब तक 50 से 60 कचरा वाहनों के रूट डिजिटल किए जा चुके हैं. तय रूट से वाहन के भटकने, 30 मिनट से ज्यादा देरी करने या किसी स्थान पर बिना वजह 15 से 20 मिनट तक खड़े रहने पर कंट्रोल रूम में अलर्ट जारी होगा. इस निगरानी व्यवस्था को ‘रेड फ्लैग सिस्टम’ नाम दिया गया है.
सड़क और नालियों की सफाई का रिकॉर्ड भी डिजिटल रखा जाएगा. सफाई शुरू होने से पहले और काम पूरा होने के बाद की तस्वीरें अपलोड करनी होंगी. अधिकारी दोनों तस्वीरों की तुलना कर मौके पर हुए काम की स्थिति जांच सकेंगे.
CCTV से कचरा फैलाने वालों की पहचान
सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों की पहचान और कार्रवाई के लिए संवेदनशील जगहों पर CCTV कैमरे लगाए जा रहे हैं. सफाईकर्मी भी समय और लोकेशन के साथ तस्वीरें अपलोड कर सकेंगे. इन रिकॉर्ड के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जाएगी.
नगर निगम कचरा जमा होने वाले खाली प्लॉट और मोहल्लों के स्थानों को पार्क या ग्रीन कॉर्नर में बदलने की तैयारी कर रहा है. सभी जोनों को हर सप्ताह दो स्थानों के कायाकल्प का लक्ष्य दिया गया है. इन जगहों पर पौधरोपण, लाइटिंग, पेवर ब्लॉक और बैठने की व्यवस्था की जाएगी.
