बिलासपुर में गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने, गौहत्या रोकने और गौवंश पर अत्याचार बंद कराने की मांग को लेकर 17 दिसंबर को रायपुर में ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ आयोजित किया जाएगा. अभियान में बिलासपुर जिले से हजारों लोगों को शामिल कराने का लक्ष्य रखा गया है.

इसी तैयारी के सिलसिले में खाटू वाले श्याम बाबा मंदिर में बैठक हुई. बैठक में हरिद्वार के अच्युतानंद महाराज भी शामिल हुए. आयोजकों के अनुसार, उपस्थित लोगों ने गौ सम्मान, सेवा और संरक्षण के लिए काम करने का संकल्प लिया.

गौ सेवा अभियान के प्रचारक रामनिहोरा सिंह राजपूत ने बताया कि बिलासपुर जिले से लोगों को रायपुर ले जाने की तैयारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को प्रदेशभर के ढाई करोड़ लोगों के हस्ताक्षर वाला ज्ञापन सौंपने की योजना है.

ज्ञापन में गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने, गौहत्या रोकने, गौवंश पर अत्याचार बंद कराने और गौ सेवा-संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांगें शामिल होंगी. ढाई करोड़ हस्ताक्षरों का दावा आयोजकों की ओर से किया गया है.

बैठक में प्राकृतिक खेती पर भी चर्चा

अच्युतानंद महाराज ने बैठक में रासायनिक खेती और गौ-आधारित प्राकृतिक खेती के कमजोर होने पर विचार रखे. उनके अनुसार, आजादी के बाद रासायनिक खाद और कीटनाशकों को बढ़ावा मिलने से प्राकृतिक खेती प्रभावित हुई. उन्होंने मिट्टी की उर्वरता, पर्यावरण और लोगों के स्वास्थ्य पर इसके असर की बात कही.