रायपुर की दावड़ा कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ परिसर में अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रकोष्ठ ने स्वच्छता और जन-जागरूकता अभियान चलाया. गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में युवाओं ने परिसर और आसपास के क्षेत्रों में श्रमदान कर कचरा साफ किया.

युवा प्रकोष्ठ प्रभारी आशीष राय ने बताया कि अभियान में युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. इस दौरान अपने घर, गली, मोहल्ले, परिसर और कार्यस्थल को लगातार स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया गया.

मीडिया प्रभारी प्रज्ञा प्रकाश निगम ने बताया कि कार्यक्रम में गायत्री परिवार के संस्थापक पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी शर्मा की शिक्षाओं को याद किया गया. उन्होंने कहा कि अंतःकरण की शुद्धि के साथ बाहरी स्वच्छता भी जरूरी है.

अभियान के बाद शक्तिपीठ परिसर में विचार गोष्ठी आयोजित की गई. जिला समन्वयक लच्छूराम निषाद और दावड़ा कॉलोनी शक्तिपीठ के प्रमुख ट्रस्टी सुखदेव देवांगन की मौजूदगी में आने वाले दिनों के रचनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा हुई.

गोष्ठी में युवाओं को नैतिक मूल्यों से जोड़ने, व्यसनमुक्ति और पर्यावरण संरक्षण अभियानों को बढ़ाने तथा नवंबर में प्रस्तावित युवा शिविर के लिए नए युवाओं को जोड़ने पर विचार किया गया. कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और राष्ट्र कल्याण की सामूहिक प्रार्थना के साथ हुआ.