रायपुर जिले के गोबरा नवापारा क्षेत्र में पुलिस ने लोहे के स्क्रैप से लदा ट्रक जब्त किया है. पुलिस के अनुसार, ट्रक में 30,335 किलो पुराना लोहा और स्क्रैप था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है. चालक मौके पर माल से संबंधित बिल या अन्य जरूरी दस्तावेज पेश नहीं कर सका.
पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG 07 BS 0267 और उसमें लदा पूरा स्क्रैप गवाहों की मौजूदगी में जब्त किया है. पुलिस को आशंका है कि माल चोरी का हो सकता है या किसी अपराध से जुड़ा हो सकता है. हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.
नोटिस के बाद भी दस्तावेज नहीं मिले
पुलिस के मुताबिक, चालक ज्ञानचंद कुर्रे (30), निवासी ग्राम पारागांव, गोबरा नवापारा को कबाड़ से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया था. उससे बिल, खरीद संबंधी कागजात और माल के स्रोत से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई कागज नहीं दिखा सका.
पूछताछ में चालक ने बताया कि कबाड़ कोड़की गांव स्थित पुराने लोहे के कबाड़ से ट्रक में लोड किया गया था. उसके अनुसार, ट्रक मालिक कलीम सोलंकी के कहने पर वह इसे नवापारा लेकर आ रहा था.
एफसीआई गोदाम के पास जांच
चालक ने पुलिस को बताया कि वह एफसीआई गोदाम के पास ट्रक खड़ा कर मालिक का इंतजार कर रहा था. इसी दौरान पुलिस ने वाहन की जांच की. बड़ी मात्रा में स्क्रैप मिलने और उसके दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने पर पुलिस ने माल के स्रोत और वास्तविक मालिक के बारे में पूछताछ शुरू की.
पुलिस के अनुसार, चालक के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 106 के तहत इस्तगासा तैयार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है. जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि स्क्रैप कहां से आया और इसकी वैधता क्या है.
