रायपुर में GST विभाग की जांच के बाद अगस्त्य इंटरप्राइजेस के संचालक अमन अग्रवाल के खिलाफ कथित फर्जीवाड़े का मामला दर्ज किया गया है. विभाग की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर दस्तावेजों, बिलों, बैंक खातों और संबंधित फर्मों की जानकारी की जांच शुरू कर दी है.

जांच के अनुसार, कंपनी ने अलग-अलग फर्मों से सामान खरीदने के बिलों के आधार पर कागजों में 141.74 करोड़ रुपये का कारोबार दिखाया. इन्हीं लेन-देन के आधार पर 23.43 करोड़ रुपये की इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का दावा किए जाने की बात सामने आई है.

मृत व्यक्ति के नाम किरायानामा

जांच में कंपनी से जुड़े दस्तावेजों में कई अनियमितताएं मिलने की बात कही गई है. इनमें एक किरायानामा भी शामिल है, जो ऐसे व्यक्ति के नाम पर बनाया गया था जिसकी करीब 16 साल पहले मौत हो चुकी थी. यानी दस्तावेजों में जगह किराए पर देने वाला व्यक्ति उस समय जीवित नहीं था.

पुलिस के मुताबिक, अमन अग्रवाल रायपुर के लाभांडी इलाके में स्थित सिग्नेचर होम में रहते हैं और अगस्त्य इंटरप्राइजेस का संचालन करते हैं. हालांकि, मामले में आरोपों की जांच अभी जारी है और पुलिस की कार्रवाई के बाद ही तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी.

कई फर्मों का भौतिक सत्यापन

GST विभाग ने बिलों में दर्ज कंपनियों और फर्मों का भौतिक सत्यापन कराया. अधिकारियों के संबंधित पतों पर पहुंचने के दौरान कई फर्में फर्जी या अस्तित्वहीन मिलने की बात सामने आई.

जांच के दौरान कुछ लोगों ने अगस्त्य इंटरप्राइजेस के साथ किसी तरह का कारोबार करने से इनकार किया. कुछ लोगों ने बैंक खातों में हुए लेन-देन से भी असहमति जताई. पुलिस अब इन बयानों, कारोबारी दस्तावेजों और बैंकिंग रिकॉर्ड की जांच कर रही है.