रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के कलिंग नगर में एक महिला के घर से उसके एक साल दो महीने के बेटे को जबरन ले जाने का मामला सामने आया है. पुलिस ने बच्चे को नागपुर से सकुशल बरामद कर आरोपी पवन साहू को गिरफ्तार किया है. बच्चे को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है.
शिकायत के अनुसार, घटना 22 सितंबर को दोपहर करीब दो बजे की है. महिला घर की दूसरी मंजिल पर स्थित रसोई में खाना बना रही थी, जबकि उसका छोटा बेटा पृथ्वी ध्रुव पास में खेल रहा था. आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला पवन साहू लोहे की पाइप लेकर घर में घुसा और महिला पर अपने साथ चलने का दबाव बनाया.
महिला के जाने से इनकार करने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और बच्चे को उठाकर ले जाने लगा. शिकायत में कहा गया है कि जब महिला ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने लोहे की पाइप से मारने और जान से खत्म करने की धमकी दी. इसके बाद वह बच्चे को लेकर घर से निकल गया.
महिला ने बताया कि वह आरोपी को करीब एक साल से जानती थी और दोनों के बीच पहले बातचीत तथा कथित प्रेम संबंध थे. उसके अनुसार, अगस्त में वह छोटे बेटे के साथ पवन के साथ नागपुर गई थी और करीब 20 दिन तक उसकी नानी के घर रही. बाद में रिश्तेदारों के बुलाने पर वह रायपुर लौट आई और पति के साथ रहने लगी.
पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद विशेष टीमें गठित की गईं. रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज से आरोपी के नागपुर की ओर जाने की जानकारी मिली. साइबर टीम की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया गया, जिसके आधार पर नागपुर से गिरफ्तारी और बच्चे की बरामदगी की गई. पुलिस ने जबरन ले जाने, घर में घुसने, गाली-गलौज और धमकी से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है.
