रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के छोटा अशोक नगर में एक किराये के मकान से मां और बेटे के शव मिलने का मामला सामने आया है. मृतकों की पहचान 52 वर्षीय जय जी देशमुख और उनके 25 वर्षीय बेटे हंसमुख के रूप में हुई है. दोनों करीब चार साल से इस मकान में रह रहे थे.

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मां-बेटे पिछले तीन से चार दिनों से आसपास के लोगों को दिखाई नहीं दिए थे. कमरे से बदबू आने के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी. बताया गया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई.

पुलिस को महिला का शव कमरे के फर्श पर और बेटे का शव बिस्तर पर मिला. दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वजह अभी स्पष्ट नहीं है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, जय जी देशमुख ऑनलाइन टीचिंग का काम करती थीं, जबकि हंसमुख लंबे समय से बीमार था और उसका इलाज चल रहा था.

घटना की सूचना के बाद फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम ने मौके पर पहुंचकर कमरे की जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए. पुलिस मामले की जांच कर रही है. मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.