रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में अंधविश्वास के चलते 55 वर्षीय महिला पर हमला करने का मामला सामने आया है. पीड़िता ने आरोप लगाया कि पड़ोस में रहने वाले लोगों ने उसे टोनही बताकर अपनी बेटी की बीमारी के लिए जिम्मेदार ठहराया और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट की. इस मामले में पुलिस ने पति-पत्नी समेत चार लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है.
घटना 12 नवंबर की सुबह करीब सात बजे नया तालाब के पास हुई. पुलिस शिकायत के अनुसार, सोनीबती साहू अपने घर के बाहर ब्रश कर रही थीं. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली लता देवांगन वहां पहुंचीं और उन पर जादू-टोना कर अपनी बेटी को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया. शिकायत में कहा गया है कि लता ने बेटी को ठीक करने की बात कहते हुए पीड़िता से विवाद किया.
पीड़िता के मुताबिक, लता का पति राकेश देवांगन भी मौके पर पहुंच गया. दोनों उसे खींचकर अपने घर की ओर ले जाने लगे. खुद को छुड़ाने की कोशिश करने पर उसके साथ मारपीट की गई. आरोप है कि इसी दौरान दरवाजे पर बंधे केले के पेड़ को निकालकर भी उसे पीटा गया.
इसके बाद गीता देवांगन और उमेश देवांगन उर्फ गोलू भी वहां पहुंच गए. शिकायत के अनुसार, चारों ने महिला को टोनही बताते हुए उसकी बेटी को ठीक करने के लिए धमकाया. इसी दौरान एक महिला ने सब्जी काटने वाले चाकू से पीड़िता के पेट पर वार कर दिया और जान से मारने की धमकी दी.
गुढ़ियारी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ टोनही प्रताड़ना निवारण अधिनियम और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है. मामले में पुलिस की जांच जारी है.
