रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में सेंधमारी के मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान महासमुंद निवासी विशाल सचदेव और सूरज ढीमर के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, विशाल इस वारदात का मास्टरमाइंड है. मामले में शामिल एक अन्य आरोपित अभी फरार है.
पुलिस का कहना है कि विशाल सचदेव ने महासमुंद में बर्फ की फैक्ट्री शुरू करने के लिए कर्ज लिया था. कारोबार नहीं चलने से वह आर्थिक परेशानी में आ गया था और फैक्ट्री का करीब सात लाख रुपये बिजली बिल भी बकाया था. आरोप है कि इसी दबाव में उसने फैक्ट्री में काम करने वाले सूरज ढीमर और एक अन्य साथी के साथ मिलकर ज्वेलर्स में चोरी की योजना बनाई.
जांच के मुताबिक, आरोपितों ने पहले दुकान की गतिविधियों पर नजर रखी. 26-27 सितंबर की रात दुकान की दीवार में सेंध लगाई गई, जबकि 29-30 सितंबर की रात अंदर घुसकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए. 30 सितंबर की सुबह दुकान संचालक सुनील जैन के पहुंचने पर चोरी का पता चला और पुलिस को सूचना दी गई.
रिपोर्ट दर्ज होने के बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और रामनगर पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों आरोपितों ने एक अन्य साथी के साथ वारदात में शामिल होने की बात बताई.
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर करीब 50 हजार रुपये के सोने के आभूषण, 3.5 किलो चांदी के आभूषण, जिनकी कीमत 7,91,700 रुपये बताई गई है, और करीब 10 हजार रुपये के आर्टिफिशियल आभूषण बरामद किए. इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल Swift कार और Activa भी जब्त की गई है. पुलिस के अनुसार, बरामद सामान और वाहनों की कुल कीमत करीब 14,51,700 रुपये है.
