छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में शुक्रवार, 25 सितंबर की सुबह करीब पांच बजे से झमाझम बारिश हो रही है. बारिश के साथ कुछ समय के अंतराल पर तेज बौछारें भी पड़ती रहीं. बीती शाम से आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं और तेज हवाएं चलने की भी जानकारी है. लगातार बारिश के कारण लोगों को घर से निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ा. हालांकि, बारिश से गर्मी और उमस से राहत मिली है.

प्रदेश में मौसमी दबाव के चलते मानसून सिस्टम सक्रिय बताया गया है. 24 सितंबर को भी कई हिस्सों में दिनभर रुक-रुककर हल्की से मध्यम बारिश हुई थी. कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश भी दर्ज की गई. शुक्रवार को रायपुर के अलावा कई जिलों में रात से ही हल्की से मध्यम वर्षा जारी रही.

राज्य में औसत बारिश सामान्य के करीब

छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के बारिश संबंधी आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से अब तक राज्य में औसतन 1017.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज हुई है. यह पिछले 10 वर्षों की औसत बारिश 1067.6 मिलीमीटर का 95.3 प्रतिशत है. राज्य का औसत आंकड़ा सामान्य के करीब है, लेकिन जिलों के बीच वर्षा में काफी असमानता बनी हुई है.

बलरामपुर में अब तक 1504.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य औसत का 167.9 प्रतिशत है. सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायपुर, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, महासमुंद और गरियाबंद समेत कई जिलों में बारिश सामान्य से अधिक रही. रायपुर में यह आंकड़ा सामान्य का 123.9 प्रतिशत बताया गया है.

इसके विपरीत कांकेर में सामान्य की तुलना में 68.2 प्रतिशत बारिश हुई, जो राज्य में सबसे कम है. मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बेमेतरा, सुकमा, बीजापुर, सरगुजा और जशपुर समेत कई जिलों में भी बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है.