रायपुर में नगर निगम ने लोगों को साइकिल चलाने और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ‘बर्न कैलोरीज, नॉट फ्यूल-हेरिटेज साइकिलिंग टूर’ का आयोजन किया. बुधवार सुबह 7 बजे नगर निगम मुख्यालय से शुरू हुई रैली तेलीबांधा तालाब होते हुए टाउन हॉल पहुंचकर समाप्त हुई.
रैली में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, MIC सदस्य अमर गिदवानी, जोन-4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए. 60 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतिभागियों ने भी उत्साह के साथ साइकिल चलाई. 62 वर्षीय जेसी कुरियन और 66 वर्षीय सत्येंद्र सिंह ने नियमित साइकिलिंग के जरिए फिट रहने का संदेश दिया.
रोज 18 किलोमीटर साइकिल से स्कूल जाती हैं जेसी कुरियन
जेसी कुरियन सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल की प्रिंसिपल हैं और अगले महीने सेवानिवृत्त होने वाली हैं. उन्होंने 2014 में साइकिल चलाना शुरू किया था. उनका स्कूल घर से 18 किलोमीटर दूर है और वह आज भी रोज साइकिल से वहां जाती हैं. उनका कहना है कि इससे बच्चों और शिक्षकों को भी साइकिल चलाने की प्रेरणा मिलती है. वह जशपुर, बस्तर और दंतेवाड़ा सहित विभिन्न जिलों में आयोजित साइकिलिंग कार्यक्रमों में हिस्सा ले चुकी हैं.
60 की उम्र में शुरू की साइकिलिंग
सीएसईबी से सेवानिवृत्त सत्येंद्र सिंह ने 60 वर्ष की उम्र में साइकिल चलाना शुरू किया था. 62 वर्ष की उम्र में रिटायर होने के बाद अब वह रायपुर के TDR, CRC और C-3 जैसे साइकिलिंग समूहों से जुड़े हैं. उनके मुताबिक सुबह की साइकिलिंग से साथियों के साथ जुड़ाव और दिनभर ऊर्जा बनी रहती है.
आयुक्त संबित मिश्रा ने कहा कि नगर निगम साइकिलिंग को जन-आंदोलन बनाना चाहता है. उन्होंने लोगों से छोटी दूरी के लिए कार या मोटरसाइकिल के बजाय साइकिल इस्तेमाल करने की अपील की. निगम के अनुसार, इससे ईंधन की खपत और प्रदूषण कम करने में मदद मिल सकती है. आगे भी ऐसे आयोजन किए जाएंगे.
