रायपुर में नगर निगम ने बुधवार को ‘बर्न कैलोरीज, नॉट फ्यूल’ थीम पर हेरिटेज साइकिलिंग टूर आयोजित किया. यात्रा की शुरुआत नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन से हुई. साइकिल सवार तेलीबांधा तालाब के मरीन ड्राइव मार्ग से होते हुए ऐतिहासिक टाउन हॉल पहुंचे.
नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने भी पूरी यात्रा में साइकिल चलाई. आयोजन का उद्देश्य लोगों को नियमित साइकिल चलाने, स्वस्थ रहने, प्रदूषण घटाने और शहर की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के प्रति जागरूक करना था. यात्रा में संस्कृति विभाग के अध्यक्ष अमर गिदवानी, जोन-4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, अपर आयुक्त रुचि शर्मा, उपायुक्त डॉ. अंजलि शर्मा और जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी सहित नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और विद्यार्थी शामिल हुए.
स्वच्छता और पर्यावरण का संदेश
आयुक्त संबित मिश्रा ने कहा कि साइकिल चलाने से उन्हें कॉलेज के दिनों की याद आ गई. उन्होंने लोगों से इसे रोज की दिनचर्या में शामिल करने की अपील की. उनके अनुसार, साइकिल का इस्तेमाल बढ़ने से पेट्रोल-डीजल वाहनों पर निर्भरता और प्रदूषण दोनों कम हो सकते हैं. उन्होंने पैदल चलने की आदत अपनाने को भी सेहत और पर्यावरण के लिए उपयोगी बताया.
मिश्रा ने नागरिकों से कचरा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की, ताकि उसका समय पर उठाव और उचित निपटान हो सके. उन्होंने कहा कि रायपुर को स्वच्छ बनाने में नगर निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है.
आयोजन को जीरो-वेस्ट रखा गया और सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया गया. टाउन हॉल में यात्रा के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र दिए गए. आयुक्त ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही स्वस्थ शहर की नींव होते हैं.
