रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में पुलिस ने हेरोइन यानी चिट्टा बरामद करने के मामले में तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, कार्रवाई सांई नगर स्थित पॉम रेसीडेंसी के खंडहर में की गई, जहां संदिग्धों के नशीला पदार्थ लेकर ग्राहकों की तलाश करने की सूचना मिली थी.
सूचना के बाद एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी. पुलिस का कहना है कि टीम को देखकर तीनों संदिग्ध भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में पकड़े गए लोगों ने अपने नाम आयुष दुबे, अदनान खान और अब्दुल रेहान बताए. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 6.33 ग्राम हेरोइन बरामद की गई. इसके अलावा 13 हजार रुपये नकद, चार आईफोन या मोबाइल फोन और CG 04 MW 2906 नंबर की एक मोपेड भी जब्त की गई है. जब्त सामान की कुल कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है.
सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने तीनों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत मामला दर्ज किया है. आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
पुलिस अब हेरोइन की कथित सप्लाई और संभावित खरीदारों से जुड़े संपर्कों की जांच कर रही है. अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ में फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज पर ध्यान दिया जा रहा है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित लोगों की जानकारी मिल सके.
