रायपुर के हीरापुर स्थित बंद अमरनाथ इस्पात फैक्ट्री में चौकीदार को रस्सी से बांधकर सामान लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से एल्युमिनियम और कॉपर से जुड़ा करीब 17 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया है. वारदात में इस्तेमाल टाटा एस वाहन, स्कूटी, कटर मशीन और ड्रिल मशीन भी जब्त की गई है.

घटना 22 अक्टूबर की रात करीब 1:30 बजे तेंदुआ रोड स्थित फैक्ट्री में हुई. यह फैक्ट्री 2020 से बंद है और दिलीप कुमार वर्मा वहां चौकीदारी करते हैं. पुलिस के अनुसार, वर्मा ऑफिस के पोर्च में बैठे थे, तभी बाउंड्रीवॉल के अंधेरे हिस्से से एक व्यक्ति अंदर आता दिखा. रोकने की कोशिश करने पर उसने पत्थर फेंके. इसके बाद चेहरे पर कपड़ा बांधे सात-आठ अन्य लोग भी वहां पहुंच गए और चौकीदार के दोनों हाथ पीछे की ओर बांध दिए.

पुलिस के मुताबिक, बदमाश ऑफिस और फैक्ट्री से एल्युमिनियम वायर के बंडल, कॉपर का सामान, एल्युमिनियम प्लेट, हैलोजन लाइट, नकदी, पैनल कार्ड और कॉपर कॉइल लेकर टाटा एस में सवार होकर फरार हुए. भागने के लिए उन्होंने फैक्ट्री की दीवार तोड़ी और खेत के रास्ते रिंग रोड की ओर निकल गए. जांच में सामने आया कि आरोपियों ने वारदात से पहले करीब एक सप्ताह तक फैक्ट्री और सुरक्षा व्यवस्था की रेकी की थी.

CCTV फुटेज, तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सरोना निवासी संदीप नेताम को पकड़ा. पूछताछ और मिले साक्ष्यों के बाद अजीत भारती और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन को भी गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि तीनों ने साथियों के साथ वारदात करना स्वीकार किया है.

गिरफ्तार आरोपियों में संदीप नेताम (35), अजीत भारती (30) और उमेन्द्र ठाकुर उर्फ उमेन (27) शामिल हैं. पुलिस के अनुसार, इनके खिलाफ पहले भी अलग-अलग थानों में मामले दर्ज रहे हैं. वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है. कार्रवाई एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और कबीर नगर पुलिस ने की.