रायपुर के मेकाहारा यानी डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल में सीजीपीएससी भर्ती घोटाले के आरोपित और छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी को कथित तौर पर वीआईपी सुविधा मिलने का मामला सामने आया है. अस्पताल परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है, जिसमें सोनवानी अपनी पत्नी और बेटे के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं.
वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने प्रहरी संदीप कुमार माहेश्वरी को बर्खास्त कर दिया. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सोनवानी को हाल में पेसमेकर लगाया गया था और इसी के फॉलोअप के लिए उन्हें अस्पताल लाया गया था.
रिपोर्ट के मुताबिक, सोनवानी करीब 11:50 बजे अस्पताल पहुंचे. उन्हें पहले ओपीडी गेट से प्रवेश कराया गया और बाद में कार्डियोलॉजी विभाग के बरामदे में बैठाया गया. करीब पांच मिनट बाद उनकी पत्नी और बेटा वहां पहुंचे. दोनों ने लगभग 15 मिनट तक सोनवानी से बातचीत की. इस दौरान एक रेजीडेंट डॉक्टर ने उनकी फाइल देखी.
आरोप है कि मुलाकात के दौरान सोनवानी के कहने पर प्रहरी ने उनकी हथकड़ी खोल दी. इसके बाद उनकी पत्नी ने लड्डू निकाले और तीनों ने साथ बैठकर उन्हें खाया. वीडियो में आसपास सुरक्षा में तैनात तीन जवान भी दिखाई दे रहे हैं.
ईडी ने अदालत में दाखिल किया अभियोजन शिकायत
सीजीपीएससी भर्ती घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने 23 सितंबर को रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत में अभियोजन शिकायत दाखिल की थी. इसमें टामन सिंह सोनवानी, पूर्व ओएसडी चेतन बोरघरिया समेत अन्य लोगों को आरोपित बनाया गया है. ईडी ने अदालत में करीब 3,700 पेज के दस्तावेज और 99 पेज की समरी प्रस्तुत की है.
