रायपुर में ठगी के आरोपी कारोबारी दीपक टंडन की पुलिस रिमांड दो दिन के लिए बढ़ा दी गई है. जांच के दौरान पुलिस 23 नवंबर की रात उसे लेकर तेलीबांधा स्थित होटल वेलकम श्री पहुंची और वहां तलाशी ली.

पुलिस के मुताबिक, होटल करीब छह महीने से बंद था. तलाशी के दौरान कमरों और होटल के भीतर संचालित स्पा से लेडीज अंडरगारमेंट्स, शराब की बोतलें, कंडोम, सिगरेट के पैकेट, ग्राहकों की डायरियां और अन्य दस्तावेज मिले हैं. इन सामानों को जब्त कर उनकी जांच की जा रही है.

डायरियों और दस्तावेजों की जांच

पुलिस ग्राहकों की डायरियों में दर्ज नाम, मोबाइल नंबर और लेनदेन से जुड़ी जानकारी खंगाल रही है. जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि कथित ठगी के नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल थे और रकम किन लोगों तक पहुंची.

पुलिस के अनुसार, होटल से जुड़े स्पा का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दीपक टंडन दिखाई दे रहा है. जांच में यह आशंका भी जताई जा रही है कि होटल में ठहरने वाले लोगों की आपत्तिजनक तस्वीरें या वीडियो बनाए जाते थे. हालांकि, पुलिस ने इस आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी समेत पांच लोगों की शिकायतों पर तेलीबांधा थाने में पांच एफआईआर दर्ज होने की बात सामने आई है. पुलिस पूछताछ में टंडन पर करीब 35 से 40 लोगों से ठगी का संदेह जताया गया है. इनमें आम लोगों, कारोबारियों, नेताओं और राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के शामिल होने की बात कही गई है.

टंडन पर खुद को मुख्यमंत्री, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों का करीबी बताकर लोगों को प्रभावित करने का आरोप है. अधिकारियों को मनचाही पोस्टिंग या ट्रांसफर का भरोसा देकर रकम लेने की शिकायतें भी जांच में शामिल हैं. उसके खिलाफ प्रदेश में आठ एफआईआर दर्ज होने और 11 अन्य शिकायतों की जांच जारी होने की जानकारी दी गई है. रायपुर में एसईसीएल का ठेका दिलाने के नाम पर दो लोगों से 56 लाख रुपये की कथित ठगी के मामले में उसे बिलासपुर से गिरफ्तार किया गया था.