रायपुर में होटल कारोबारी और ‘द हनी बैजर न्यूज’ के संचालक दीपक टंडन तथा उनकी पत्नी बरखा टंडन के खिलाफ एक और FIR दर्ज की गई है. यह मामला तेलीबांधा थाने में आर्ट ऑफ लिविंग की छत्तीसगढ़ प्रमुख सरिता बाजपेयी की शिकायत पर दर्ज किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, शिकायत में संपत्ति पर जबरन कब्जा करने, अनधिकृत रूप से प्रवेश करने, अश्लील हरकत, सरकारी सील तोड़ने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए गए हैं. FIR भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 296, 329(4), 331(2), 331(5), 351(2), 324(4), 126(2) और 3(5) के तहत दर्ज की गई है. पुलिस फिलहाल आरोपों की जांच कर रही है.
पहले दर्ज मामले में गिरफ्तारी और तलाशी
इससे पहले 7 नवंबर को बिलासपुर क्राइम ब्रांच और सिरगिट्टी थाना पुलिस ने रायपुर स्थित टंडन के होटल और घर पर तलाशी ली थी. पुलिस टीम ने VIP रोड स्थित वेलकम होटल इन और साईं नगर स्थित आवास से होटल का DVR तथा उनकी पत्नी का मोबाइल फोन जब्त किया था.
यह कार्रवाई उस मामले की जांच के तहत बताई गई है, जिसमें टंडन पर AI तकनीक से तस्वीरों में कथित छेड़छाड़ कर भ्रामक और आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने, ब्लैकमेलिंग और अवैध वसूली के आरोप हैं. इस मामले में सिरगिट्टी थाने में FIR दर्ज होने के बाद पुलिस ने उन्हें रायपुर के रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया था.
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान जब्त दो मोबाइल फोन की जांच में न्यूज पोर्टल से जुड़े आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की बात सामने आई थी. रायपुर पुलिस अब उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है.
टंडन का नाम DSP कल्पना वर्मा से जुड़े विवाद में भी सामने आया था. उस मामले में लगाए गए आरोप टंडन की ओर से थे.
