रायपुर के बंजारी नगर इलाके में एक मकान से सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी के मामले में खमतराई पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि मलिक (31) और रामेश्वर वर्मा (29) के रूप में हुई है. इस मामले में अब तक छह लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है.

पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर को शुक्रवारी बाजार निवासी सीताराम गुप्ता (45) परिवार के साथ दशहरा मनाने अपने गृहग्राम खटखरी, जिला मऊगंज, मध्यप्रदेश गए थे. 2 नवंबर को लौटने पर उन्हें घर के मुख्य गेट और अंदर रखी अलमारी के ताले टूटे मिले. लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवर और नकदी गायब थी. इसके बाद खमतराई थाने में शिकायत दर्ज कराई गई.

जांच में पुलिस ने पहले सागर मलिक, मनीषा साहू, राहुल उर्फ ओमप्रकाश निर्मलकर और चेतन निषाद को गिरफ्तार किया था. पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच में मिले साक्ष्यों के आधार पर रवि मलिक तक पहुंच बनाई गई. पुलिस के मुताबिक, रवि ने चोरी की रकम से 75 हजार रुपये की Splendor बाइक खरीदने की जानकारी दी. उसकी निशानदेही पर बाइक मेकाहारा पार्किंग से बरामद की गई.

पुलिस के अनुसार, पठारीडीह के पास एक गड्ढे में पीले रंग के थैले में छिपाकर रखे करीब 8.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर भी मिले. रवि के पास से 1,150 रुपये और रामेश्वर के पास से 4,900 रुपये नकद बरामद किए गए. पुलिस ने बाइक, जेवर और नकदी समेत कुल 9.31 लाख रुपये का सामान जब्त करने की जानकारी दी है. मामले में आगे की विवेचना जारी है.