रायपुर में सरकारी और सार्वजनिक संपत्तियों पर बिना अनुमति विज्ञापन लगाने के मामले में नगर निगम ने दो व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर कुल 45 हजार रुपए का जुर्माना लगाया है. कार्रवाई नगर निगम के जोन-4 और जोन-9 की टीमों ने की.

नगर निगम के मुताबिक, जोन-4 क्षेत्र के सदर बाजार स्थित स्वामी विवेकानंद वार्ड में गिरी जेवेर महल की ओर से बिना अनुमति प्रचार-प्रसार किया जा रहा था. इस मामले में प्रतिष्ठान के संचालक पर 25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया.

वहीं, जोन-9 क्षेत्र में मैग्नेटो मॉल के सामने मुख्य मार्ग पर बिना अनुमति विज्ञापन करने के मामले में अविनाश डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड से 20 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया.

दोबारा उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर की गई. जोन-4 में कार्रवाई जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी और जोन-9 में जोन कमिश्नर हितेंद्र यादव की टीम ने की. निगम ने दोनों प्रतिष्ठानों को भविष्य में बिना अनुमति विज्ञापन नहीं लगाने की चेतावनी दी है.

नगर निगम के नियमों के अनुसार, सार्वजनिक और सरकारी संपत्तियों पर बिना अनुमति विज्ञापन लगाना प्रतिबंधित है. छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम, विज्ञापन पंजीयन एवं विनियमन उपविधियों और रायपुर की आउटडोर एडवरटाइजमेंट पॉलिसी-2024 के तहत ऐसे विज्ञापनों को हटाने और संबंधित लोगों पर जुर्माना लगाने का प्रावधान है.