रायपुर में स्वीकृत भवन नक्शे के विपरीत किए गए अतिरिक्त निर्माण के खिलाफ नगर निगम ने समता कॉलोनी और गीतांजलि नगर में कार्रवाई की. नगर निवेश विभाग की टीमों ने दोनों मामलों में संबंधित भवन मालिकों को पहले नोटिस दिए थे. निर्माण नहीं हटाए जाने के बाद अतिरिक्त हिस्सों को तोड़ा गया.
समता कॉलोनी में नक्शे से अधिक निर्माण
जोन-7 के नगर निवेश विभाग ने समता कॉलोनी में निर्माणाधीन भवन की जांच की थी. निगम के अनुसार, मौके पर स्वीकृत नक्शे के विपरीत अतिरिक्त निर्माण मिला. भवन मालिक को नियमानुसार नोटिस दिए जाने के बावजूद हिस्सा नहीं हटाया गया. इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिरिक्त निर्माण हटाने की कार्रवाई की.
गीतांजलि नगर में फ्रंट एमओएस पर कार्रवाई
जोन-3 के गीतांजलि नगर स्थित शंकर नगर वार्ड-30 में निर्माणाधीन आवासीय भवन के लिए करीब 498 वर्गमीटर भूखंड पर अनुमति ली गई थी. निगम के मुताबिक, वहां भूतल, प्रथम तल और द्वितीय तल सहित करीब 700 वर्गमीटर क्षेत्र में निर्माण किया गया. इसमें फ्रंट एमओएस क्षेत्र में भी अतिरिक्त हिस्सा बनाया गया था.
इस मामले में भवन मालिक विशाल मेघानी और नीरज मेघानी को नगर निगम अधिनियम के तहत तीन नोटिस जारी किए गए. मालिकों ने राजीनामे के लिए आवेदन दिया था, लेकिन निगम के अनुसार फ्रंट एमओएस क्षेत्र में किए गए अतिरिक्त निर्माण का नियमानुसार राजीनामा नहीं किया जा सकता. इसके बाद निगम की टीम ने कार्रवाई की.
