रायपुर में 18 सितंबर से 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 की शुरुआत होगी. साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में आयोजित यह तीन दिवसीय मेला 20 सितंबर तक चलेगा. इसमें MSME, स्टार्टअप, निवेश, रोजगार और नवाचार से जुड़े अवसरों को एक मंच पर लाने की तैयारी है.
मेले में देशभर से उद्योगपति, उद्यमी, निवेशक और खरीदार शामिल होंगे. उत्पादों और नई तकनीकों की प्रदर्शनी के साथ निवेशकों से संवाद भी किया जाएगा. युवाओं के लिए जॉब प्लेसमेंट की व्यवस्था रखी गई है. उद्योगों और विद्यार्थियों को जोड़ने के साथ स्टार्टअप तथा युवा उद्यमियों को अपने उत्पाद और बिजनेस आइडिया प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11:15 बजे साइंस कॉलेज ग्राउंड पहुंचकर औद्योगिक मेले में शामिल होंगे. दोपहर 12:15 बजे वे रायपुर से रायगढ़ के लिए रवाना होंगे. दोपहर करीब 1:55 बजे ग्राम बनोरा स्थित अघोर आश्रम पहुंचने के बाद दोपहर 2 बजे से 3:45 बजे तक नवीन स्कूल भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे.
शाम को मुख्यमंत्री रायपुर लौटेंगे और 6:30 बजे एक निजी रिसॉर्ट में आयोजित ‘विकसित छत्तीसगढ़ कॉन्क्लेव’ में शामिल होंगे. इसके बाद वे मुख्यमंत्री निवास जाएंगे.
मुक्ताकाशी मंच पर काव्य संध्या
संस्कृति विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत 18 सितंबर को रायपुर के महंत घासीदास स्मारक परिसर स्थित मुक्ताकाशी मंच पर ‘भव्य काव्य संध्या’ आयोजित की जाएगी. कार्यक्रम शाम 7 बजे शुरू होगा. इसमें छत्तीसगढ़ के कवियों के साथ देश के अन्य क्षेत्रों से आमंत्रित रचनाकार भी प्रस्तुति देंगे. लखनऊ की कवयित्री सोनी मिश्रा और जबलपुर के विनोद नयन के काव्य पाठ की भी जानकारी दी गई है.
