नया रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में छत्तीसगढ़ प्रदेश अधिकारी-कर्मचारी संघ ने महिला सशक्तिकरण सम्मान समारोह और दीपावली मिलन कार्यक्रम आयोजित किया. समारोह में करीब 100 महिला अधिकारी-कर्मचारियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया.

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष मोना सेन और राज्य बाल संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. दोनों ने महिलाओं के सम्मान और उन्हें संगठन में नेतृत्व के अवसर देने की पहल की सराहना की.

संघ के प्रांताध्यक्ष करन सिंह अटेरिया ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य महिला अधिकारी-कर्मचारियों, पेंशनर्स और कर्मचारी हित में बेहतर काम करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान करना है. उनके अनुसार, संगठन में करीब 30 प्रतिशत महिला अधिकारी-कर्मचारी पदाधिकारी के रूप में सक्रिय हैं. इंद्रावती भवन स्तर पर महिला अध्यक्ष नियुक्त करने पर भी विचार किया जा रहा है, ताकि महिलाओं को नेतृत्व की अधिक जिम्मेदारियां मिल सकें.

समारोह में गीता सेन, रुक्मणी तांडी, पूजा सिसोदिया, वर्षों साहू, खिलेश्वरी साहू और स्वाती सिन्हा सहित करीब 100 महिलाओं का सम्मान किया गया. संघ के पदाधिकारियों ने अतिथियों का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न से स्वागत किया.

कार्यक्रम में डॉ. डीपी मनहर, राज साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे. कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र सिंह ठाकुर ने अतिथियों, महिला कर्मचारियों, पेंशनर्स और विभागीय अधिकारियों के प्रति आभार जताया. संचालन विद्या भूषण दुबे ने किया.