रायपुर में कथावाचक इंद्रेश महाराज ने Gen-Z से बातचीत के दौरान युवाओं के रिश्तों, पढ़ाई, करियर, सफलता, भक्ति और जीवन के उद्देश्य पर विचार साझा किए. उन्होंने कहा कि कई छात्र पढ़ाई और करियर से अधिक रिलेशनशिप पर ध्यान दे रहे हैं. उनके मुताबिक युवाओं को अपने भविष्य और जीवन के उद्देश्य पर भी ध्यान देना चाहिए.
रिश्तों में भरोसा और जिम्मेदारी जरूरी
इंद्रेश महाराज ने कहा कि किसी भी रिश्ते में भरोसा और स्पष्ट सोच जरूरी है. उन्होंने रिलेशनशिप की अलग-अलग स्थितियों का उदाहरण देते हुए कहा कि रिश्तों को खेल या विकल्प की तरह नहीं देखना चाहिए. उनके अनुसार, किसी व्यक्ति का एक रिश्ते में रहते हुए दूसरे व्यक्ति से भी उसी तरह जुड़ना या किसी रिश्ते के टूटने का इंतजार करना स्वस्थ संबंध की पहचान नहीं है.
उन्होंने पति-पत्नी के बीच ईमानदारी, प्रेम और भरोसे को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि एक-दूसरे के प्रति जीवनभर जिम्मेदारी निभाना ही सच्चे रिश्ते की पहचान है.
पहचान से पहले इंसानियत पर जोर
Gen-Z, मिलेनियल और Gen-Alpha के बीच संभावित विभाजन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि समाज पहले ही जाति, वर्ग और दूसरी पहचानों के नाम पर बंटा हुआ है. आने वाले समय में पीढ़ियों की पहचान को लेकर भी विवाद हो सकता है. उन्होंने कहा कि अलग-अलग पीढ़ियों को अलग परिस्थितियां और सुविधाएं मिली हैं, इसलिए उनकी सोच में अंतर होना स्वाभाविक है. इसका मतलब यह नहीं कि कोई पीढ़ी बड़ी या छोटी है. सबसे पहले मानव बनना और इंसानियत को समझना जरूरी है.
उन्होंने सोशल मीडिया को लेकर भी सावधानी बरतने की सलाह दी. उनके मुताबिक सोशल मीडिया के जरिए लोगों की सोच प्रभावित हो रही है और राग-द्वेष, ईर्ष्या तथा नकारात्मकता का असर रिश्तों पर पड़ रहा है.
दोस्तों के दबाव को स्वतंत्रता न मानें
इंद्रेश महाराज ने कहा कि दोस्तों की पसंद के अनुसार जीवन जीना आजादी नहीं है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ युवा किसी जगह या गतिविधि में केवल इसलिए जाते हैं, क्योंकि उन्हें डर रहता है कि फ्रेंड सर्कल उन्हें अलग न कर दे या पुराने विचारों वाला न समझे. उनके अनुसार, यह स्वतंत्रता नहीं बल्कि दोस्तों के दबाव में जीना है.
उन्होंने कहा कि आर्थिक स्वतंत्रता का अर्थ केवल कमाई शुरू कर देना नहीं है. वास्तविक स्वतंत्रता तब है, जब व्यक्ति की बुद्धि और विचार विकसित हों. उन्होंने युवाओं को ऐसे दोस्तों का चुनाव करने की सलाह दी, जो उन्हें सकारात्मक दिशा, सत्संग और अच्छे कार्यों की ओर ले जाएं.
मेहनत करें, परिणाम का बोझ कम रखें
जीवन में असफलता के डर पर उन्होंने कहा कि युवाओं को पहले यह तय करना चाहिए कि वे अपने लिए जी रहे हैं या दूसरों की इच्छाएं पूरी करने के लिए. उन्होंने लक्ष्य तय कर मेहनत करने, लेकिन परिणाम को लेकर अत्यधिक दबाव न रखने की सलाह दी.
गलत आदतों से बचने के सवाल पर उन्होंने आसपास के वातावरण को जिम्मेदार बताया. उन्होंने कहा कि लगातार गलत काम करने वालों की संगति व्यवहार और सोच को प्रभावित कर सकती है, इसलिए ऐसी संगति सीमित करनी चाहिए.
दुख और असफलता पर उन्होंने कहा कि भक्ति कठिनाइयों को पूरी तरह खत्म नहीं करती, लेकिन व्यक्ति को उन्हें सहने और उनसे टूटने से बचने की शक्ति दे सकती है.
