रायपुर में कथावाचक इंद्रेश महाराज की सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सोमवार से शुरू हो गई. देवेंद्र नगर स्थित कृषि उपज मंडी ग्राउंड में आयोजित कथा से पहले श्रीराम मंदिर कृषि उपज मंडी से सुबह 11 बजे कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. कथा हर दिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक होगी.
रायपुर पहुंचने पर इंद्रेश महाराज ने सोशल मीडिया पर धर्म को लेकर की जाने वाली टिप्पणियों पर लोगों से सोच-समझकर बोलने की अपील की. उन्होंने कहा कि आजकल कमेंट करना एक ट्रेंड बन गया है और कई बार नकारात्मकता को बढ़ावा दिया जाता है. उनके मुताबिक किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल पर टिप्पणी करना अलग विषय है, लेकिन धर्म पर बोलने से पहले विचार करना चाहिए. उन्होंने कहा कि धर्म को लेकर किए गए कमेंट का असर कर्म पर भी पड़ता है.
इंद्रेश महाराज ने कहा कि वे पहले भी छत्तीसगढ़ में कथा कर चुके हैं, लेकिन रायपुर में पहली बार कथा कर रहे हैं. उन्होंने छत्तीसगढ़ में कथा करने को आनंददायक बताया और कहा कि यहां बड़ी संख्या में लोग भक्ति भाव से कथा सुनने पहुंचते हैं.
सात दिनों में होंगे अलग-अलग प्रसंग
आयोजन के कार्यक्रम के अनुसार 22 सितंबर को भक्त ध्रुव, 23 सितंबर को भक्त प्रह्लाद और 24 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग सुनाया जाएगा. 25 सितंबर को श्री गोवर्धन लीला महोत्सव और 26 सितंबर को श्रीकृष्ण-रुक्मिणी महोत्सव होगा.
27 सितंबर को कथा की पूर्णाहुति होगी. इस दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आरती, महाप्रसादी वितरण और आशीर्वचन का कार्यक्रम रखा गया है. इसके साथ ही सात दिवसीय आयोजन का समापन होगा.
