रायपुर में कथावाचक इंद्रेश महाराज की सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा 21 से 27 सितंबर तक आयोजित की जाएगी. कथा का आयोजन देवेंद्र नगर स्थित कृषि उपज मंडी ग्राउंड में होगा. आयोजकों के मुताबिक, शहर और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए कथा स्थल पर बैठने और अन्य व्यवस्थाएं की जा रही हैं.

आयोजन से जुड़े गुंजन प्रजापति के अनुसार, बारिश को देखते हुए वाटरप्रूफ पंडाल लगाया जा रहा है. श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग, पेयजल और सुरक्षा की व्यवस्था की जाएगी. कथा स्थल पर बड़े प्रोजेक्टर और साउंड सिस्टम भी लगाए जाएंगे, ताकि दूर बैठे लोग कार्यक्रम देख और सुन सकें.

कलश यात्रा और कथा का समय

कथा शुरू होने से पहले 21 सितंबर को सुबह 11 बजे कलश यात्रा निकाली जाएगी. यह यात्रा श्रीराम मंदिर, कृषि उपज मंडी से शुरू होकर कथा स्थल तक जाएगी. इसके बाद रोजाना दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा.

कार्यक्रम के अनुसार, 22 सितंबर को ध्रुव चरित्र, 23 सितंबर को प्रहलाद चरित्र, 24 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मोत्सव और 25 सितंबर को श्री गोवर्धन लीला महोत्सव का प्रसंग रखा गया है. 26 सितंबर को श्रीकृष्ण-रुक्मिणी महोत्सव होगा.

27 सितंबर को कथा का विश्रांति दिवस रहेगा. इस दिन सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक कथा विश्राम, पूर्णाहुति, आरती, महाप्रसादी वितरण और आशीर्वचन का कार्यक्रम होगा. आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम में संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है.