छत्तीसगढ़ में जल जीवन मिशन के काम से जुड़े ठेकेदारों ने लंबित भुगतान के मुद्दे पर रायपुर में प्रदर्शन का ऐलान किया है. छत्तीसगढ़ कांट्रैक्टर्स एसोसिएशन के अनुसार, करीब 2,000 ठेकेदार 27 अक्टूबर को घड़ी चौक, आंबेडकर चौक और शास्त्री चौक पर अर्धनग्न होकर हाथों में कटोरा लेकर प्रदर्शन करेंगे.

संगठन का दावा है कि जल जीवन मिशन के तहत किए गए कामों का लगभग 5,000 करोड़ रुपये का भुगतान पिछले तीन वर्षों से अटका हुआ है. ठेकेदारों का कहना है कि बिल पास नहीं होने के कारण वे बैंकों और वित्तीय संस्थानों की किस्तें नहीं चुका पा रहे हैं. इससे कई ठेकेदारों के बैंक डिफॉल्टर होने का जोखिम बढ़ गया है.

एसोसिएशन के मुताबिक, ठेकेदारों ने मल्टी-विलेज और सिंगल-विलेज जल योजनाओं, रेट्रोफिटिंग, सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं और नलकूप खनन जैसे कामों में अपनी पूंजी और कर्ज का इस्तेमाल किया. भुगतान रुकने से मजदूरों की मजदूरी और निर्माण सामग्री के सप्लायरों का बकाया भी प्रभावित हुआ है.

एसोसिएशन अध्यक्ष बीरेश शुक्ला ने दावा किया कि भुगतान में देरी केंद्र और राज्य की वित्तीय प्रक्रिया के साथ पंचायतों और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के बीच तालमेल की कमी से जुड़ी है. संगठन के अनुसार, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और अधिकारियों को कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन ठोस भुगतान नहीं हुआ.

ठेकेदारों का कहना है कि कई गांवों में पानी की टंकियां और पाइपलाइन तैयार होने के बावजूद जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है. उनका कहना है कि संचालन और रखरखाव का काम भी धन की कमी से प्रभावित है. संगठन ने लंबित राशि का जल्द भुगतान करने की मांग की है.