रायपुर जिले के तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम जलसो में मां से हुए पुराने विवाद को लेकर सवाल पूछने पर एक युवक पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किया गया. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास और अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.

पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, जलसो निवासी शनिराज गोड किसान है. दीवाली से पहले उसके बाहर काम पर रहने के दौरान उसकी मां रूपा का रिश्तेदारों से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. लौटने के बाद शनिराज ने इस विवाद के बारे में रिश्तेदारों से बात करने की बात कही थी.

शिकायत के अनुसार, 27 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे शनिराज जलसो डैम की ओर से लौट रहा था. रास्ते में उसका सामना शिव उईके, सुनीता उईके, सतीश उईके, शिवम उईके और अन्य लोगों से हुआ. शनिराज ने कथित तौर पर पूछा कि उसकी गैरमौजूदगी में उसकी मां से विवाद क्यों किया गया. इसके बाद विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई.

पीड़ित का आरोप है कि हमलावर पास की झोपड़ी से टंगिया और सब्बल लेकर उसके पीछे दौड़े. जान बचाने के लिए घर की ओर भागते समय शिव उईके ने उसके सिर पर टंगिया से वार किया. शनिराज किसी तरह घर में पहुंचा, लेकिन हमलावरों ने वहां भी उसका पीछा किया.

शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची मां रूपा और भाई हरीशराज गोड के साथ भी मारपीट की गई. शिकायत के मुताबिक, रूपा के सिर, कनपटी और कंधे पर चोटें आईं, जबकि हरीशराज के पैर, सीने और कनपटी में चोट लगी. आरोपियों पर घर में रखे टीवी, अलमारी और अन्य सामान में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है.