मगधा यादव समाज, जिला रायपुर की ओर से कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव और नुआखाई भेंट-घाट समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में 80 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले प्रतिभावान बच्चों के साथ बुजुर्गों और महिलाओं का सम्मान किया गया. समारोह में समाज के सैकड़ों लोग शामिल हुए.

मुख्य अतिथि और सर्व यादव समाज छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष रमेश यदु ने कहा कि समाज की मजबूती एकता, शिक्षा और संस्कार से होती है. उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और शिक्षा, खेल, रोजगार तथा समाजसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की.

गजानंद यादव ने नुआखाई भेंट-घाट को आपसी प्रेम और भाईचारे का पर्व बताया. उन्होंने समाज के हर परिवार को संगठन से जोड़ने और जरूरतमंद परिवारों की मदद करने पर जोर दिया. भगवान यादव ने बच्चों को संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ आधुनिक शिक्षा के लिए प्रेरित किया. ललिता यादव ने महिलाओं और युवाओं से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की.

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई रौनक

कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने गीत-संगीत सहित विभिन्न प्रस्तुतियां दीं. पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से समारोह का माहौल उत्सवमय रहा. आयोजन के दौरान समाज की एकता, शिक्षा, संस्कार और नशामुक्ति को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया.

समापन पर पुरुषोत्तम यादव ने अतिथियों और आयोजन में सहयोग करने वाले समाजबंधुओं का आभार जताया. मंच संचालन मनोज यादव ने किया. भगवान यादव, अभिमन्यु यादव, शंकर यादव और ललिता यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे.