जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने 10 अक्तूबर को रायपुर में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के मुखौटे पहनकर ‘ज्ञानू और जानू की बारात’ निकाली. प्रदर्शन के दौरान बैंड-बाजे और विवाह से जुड़ी प्रतीकात्मक रस्मों के जरिए केंद्र सरकार और निर्वाचन आयोग पर व्यंग्य किया गया.
रैली सुभाष स्टेडियम से शुरू होकर शास्त्री चौक स्थित मुख्य निर्वाचन कार्यालय की ओर बढ़ी. प्रदर्शनकारियों के मोतीबाग के पास पहुंचने पर पुलिस प्रशासन ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया. इसके बाद कार्यकर्ताओं ने सड़क पर ही ‘ज्ञानू और जानू का विवाह’ प्रतीकात्मक रूप से कराया. पार्टी ने इस प्रदर्शन के जरिए निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और उसकी स्वतंत्रता व निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए.
अमित जोगी ने लगाए आरोप
जेसीसीजे के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा कि जब से ‘ज्ञानू और जानू का प्यार’ हुआ है, लोकतंत्र बीमार हो गया है. उन्होंने देश में पिछले दस वर्षों से वोट चोरी होने का आरोप लगाया और इसे ‘सीक्रेट लव अफेयर’ बताते हुए कहा कि रायपुर की सड़क पर इसकी बारात निकाली जा रही है. जोगी ने यह भी कहा कि एक ओर बारात निकल रही है, जबकि दूसरी ओर लोकतंत्र का जनाजा निकल रहा है.
जोगी ने मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों और वोट चोरी के आरोपों की तथ्यों के आधार पर पारदर्शी और निष्पक्ष जांच की मांग की. उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की विश्वसनीयता लोकतंत्र के लिए महत्वपूर्ण है और मतदान की निष्पक्षता पर सवाल उठने से जनता के विश्वास को नुकसान पहुंचता है.
प्रदर्शन में संजीव अग्रवाल, भगवानू नायक, निलेश चौहान, संतोषी रात्रे, जहीर खान, ईश्वर उपाध्याय समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.
