रायपुर में तेज बारिश के बावजूद छत्तीसगढ़ जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (JDA) का आंदोलन शुक्रवार को भी जारी रहा. सरकार ने MBBS इंटर्न का स्टाइपेंड बढ़ाकर 25 हजार रुपये प्रति माह करने का आदेश जारी किया है. हालांकि, JDA के डॉक्टरों का कहना है कि उनकी 17 सूत्रीय मांगों में से केवल एक पर निर्णय हुआ है. बाकी मांगों पर लिखित आदेश नहीं आने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही गई है.
आंदोलन के कारण अंबेडकर अस्पताल की OPD प्रभावित रही. कई विभागों में डॉक्टरों की कुर्सियां खाली दिखाई दीं और सामान्य दिनों की तुलना में OPD में मरीजों की संख्या कम रही. JDA के अनुसार फिलहाल OPD का सांकेतिक बहिष्कार किया जा रहा है.
बॉन्ड और सुपर स्पेशियलिटी कैडर की मांग
कैंसर विभाग के डॉ. विनय कुमार साहू ने कहा कि बाकी मांगों को लेकर आदेश जारी नहीं हुआ है. उनके अनुसार, डॉक्टरों को शाम तक आदेश जारी होने का आश्वासन दिया गया है, लेकिन लिखित आदेश आने तक आंदोलन नहीं रुकेगा.
इंटर्न डॉक्टर संस्कार ने स्टाइपेंड बढ़ाने के निर्णय के लिए स्वास्थ्य मंत्री का धन्यवाद दिया, लेकिन डॉक्टरों के लिए लागू बॉन्ड व्यवस्था पर भी फैसला लेने की मांग की. JDA बॉन्ड खत्म करने या उसकी अवधि घटाने की मांग कर रहा है. इसके अलावा प्रदेश में सुपर स्पेशियलिटी कैडर शुरू करने की मांग भी शामिल है. एसोसिएशन का कहना है कि इससे विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ सकती है और गंभीर इलाज के लिए मरीजों की दूसरे राज्यों पर निर्भरता घट सकती है.
10 जून से बढ़ा स्टाइपेंड लागू करने की मांग
इंटर्न डॉक्टर सीमा मिश्रा के अनुसार, छत्तीसगढ़ के आदेश में बढ़ा हुआ स्टाइपेंड 1 अक्टूबर से लागू करने की बात है, जबकि डॉक्टर इसे 10 जून से लागू करने की मांग कर रहे हैं.
JDA ने कहा है कि रायपुर के अलावा बिलासपुर, अंबिकापुर और जगदलपुर मेडिकल कॉलेजों के रेजिडेंट, इंटर्न, PG बॉन्डेड और MBBS बॉन्डेड डॉक्टर भी आंदोलन में शामिल हैं. मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो 28 सितंबर से इमरजेंसी समेत अन्य स्वास्थ्य सेवाएं बंद करने की चेतावनी दी गई है.
