रायपुर के 20 वर्षीय जितेंद्र दीप के ब्रेन-डेथ के बाद उनके परिवार ने दोनों किडनी दान करने का फैसला लिया. इन किडनियों का एम्स रायपुर में महासमुंद और धमतरी के दो मरीजों पर सफल प्रत्यारोपण किया गया. राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संगठन (SOTTO) के अनुसार, यह छत्तीसगढ़ का 16वां मृतक अंगदान है.
जितेंद्र को 9 नवंबर 2026 को अज्ञात परिस्थितियों में गंभीर चोटें आई थीं. उनका शुरुआती इलाज डीकेएस अस्पताल में हुआ. बाद में उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर के रामकृष्ण केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया. चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद 14 नवंबर को उन्हें ब्रेन-डेथ घोषित किया गया. इसके बाद परिवार ने अंगदान की सहमति दी. उनके भाई विक्की दीप ने बताया कि जितेंद्र प्रतिभाशाली क्रिकेट खिलाड़ी थे और पांच भाई-बहनों में आज्ञाकारी बच्चों में से एक थे.
लंबे समय से डायलिसिस पर थे दोनों मरीज
SOTTO की अंग आवंटन नीति के तहत दोनों किडनी एम्स रायपुर को दी गईं. पहली किडनी महासमुंद जिले के बसना निवासी 46 वर्षीय मरीज को लगाई गई. वह डायबिटिक किडनी डिजीज से पीड़ित थे और तीन साल से नियमित डायलिसिस करा रहे थे. दूसरी किडनी धमतरी निवासी 39 वर्षीय मरीज को प्रत्यारोपित की गई, जो अंतिम अवस्था के गुर्दा रोग के कारण सात साल से डायलिसिस पर थे. दोनों मरीजों के पास उपयुक्त जीवित दाता नहीं था.
प्रत्यारोपण की प्रक्रिया में 12 घंटे से अधिक समय लगा. रामकृष्ण केयर अस्पताल की टीम ने इलाज, ब्रेन-डेथ प्रक्रिया और अंगदान का समन्वय किया, जबकि एम्स रायपुर की यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और एनेस्थीसियोलॉजी टीमों ने प्रत्यारोपण किया. SOTTO ने अंग आवंटन और संस्थागत समन्वय संभाला. संगठन ने लोगों से अंगदान के महत्व को समझने और इसका संकल्प लेने की अपील की.
