रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में सरकारी नौकरी लगवाने के नाम पर तीन लोगों से 3.78 लाख रुपये लेने का मामला सामने आया है. छत्तीसगढ़ नगर निवासी टेलर धन्नू राम ध्रुव की शिकायत पर पुलिस ने प्रमोद केशरवानी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. आरोपों की जांच जारी है.

शिकायतकर्ता के मुताबिक, प्रमोद वर्ष 2023 में उनके घर के पास किराए पर रहता था. वह खुद को मंत्री और अधिकारियों का करीबी बताता था. इसी पहचान के आधार पर उसने राजस्व विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया.

राजस्व विभाग की नौकरी का दावा

धन्नू राम ने अपने साढ़ू के भांजे परमेश्वर मरकाम की नौकरी के लिए प्रमोद से संपर्क किया. शिकायत के अनुसार, प्रमोद ने परमेश्वर के शैक्षणिक दस्तावेज लिए और नौकरी के लिए 2.50 लाख रुपये खर्च होने की बात कही. परिवार ने पहले 20 हजार रुपये फोन-पे के जरिए भेजे. इसके बाद 30 सितंबर 2023 को छत्तीसगढ़ नगर में 2.10 लाख रुपये नकद दिए गए.

आरोप है कि प्रमोद ने परमेश्वर को कवर्धा तहसील कार्यालय में काम दिलाया और अंग्रेजी में ज्वाइनिंग संबंधी पत्र भी दिया. परमेश्वर ने वहां करीब चार महीने काम किया, लेकिन उसे वेतन नहीं मिला. इसके बाद परिवार को नौकरी के दावे पर संदेह हुआ.

शराब दुकान में नौकरी का झांसा

शिकायतकर्ता का कहना है कि प्रमोद ने उसके दो भांजों मिथुन मरकाम और अमित छेदाईया को शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया. दोनों से 50-50 हजार रुपये, यानी कुल एक लाख रुपये नकद लिए गए. नौकरी नहीं लगने पर आरोपी से संपर्क किया गया, लेकिन बाद में उसका मोबाइल बंद मिला.

पुलिस के अनुसार, मामले में पैसों के लेन-देन, दस्तावेजों और आरोपी के संपर्कों की जांच की जा रही है.