रायपुर जिले में बस्तर के लिए चावल जमा नहीं करने वाली राइस मिलों पर प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की है. तय समय-सीमा में चावल जमा नहीं करने पर जिले की 34 राइस मिलों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था. इसके बाद आरंग क्षेत्र के मंदिर हसौद स्थित कमल राइस मिल की जांच की गई.

प्रशासन के अनुसार, जांच में अनियमितता मिलने और निर्धारित समय में चावल जमा नहीं करने की पुष्टि के बाद 24 नवंबर को कमल राइस मिल को सील कर दिया गया. विभागीय सूची में इस मिल पर कुल 5,526.90 क्विंटल चावल जमा करना बाकी दर्ज है. इसमें 4,783.11 क्विंटल स्टेट पूल और 743.79 क्विंटल सेंट्रल पूल का चावल शामिल है.

34 मिलों पर 66,207.19 क्विंटल बकाया

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, रायपुर जिले की मिलों पर बस्तर के लिए कुल 66,207.19 क्विंटल चावल लंबित है. इसमें 11,221.68 क्विंटल स्टेट पूल और 54,985.52 क्विंटल सेंट्रल पूल का चावल शामिल है.

सूची में कोणार्क इंडस्ट्रीज पर सबसे अधिक 14,248.52 क्विंटल चावल बाकी दर्ज है. जनता एग्रो इंडस्ट्रीज पर 5,483.53 क्विंटल, विद्या श्री राइस मिल पर 2,695.74 क्विंटल, बालाजी पैडी प्रोसेसिंग पर 2,539.98 क्विंटल और स्वास्तिक एग्रो इंडस्ट्रीज पर 2,508.39 क्विंटल चावल लंबित है.

इसके अलावा सतनाम इंडस्ट्रीज, मां मावली राइस इंडस्ट्रीज, चंद्रा राइस मिल, निर्मल ट्रेडर्स और गिंदलानी राइस मिल समेत अन्य इकाइयों के नाम भी सूची में हैं. प्रशासन कस्टम मिलिंग के तहत चावल जमा कराने की प्रक्रिया पर नजर रख रहा है.