रायपुर के कमल विहार इलाके में 24 सितंबर की रात कार खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में होटल कारोबारी से मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है. घटना रात करीब 1:10 बजे की बताई गई है.
शिकायत के अनुसार, कारोबारी अपनी पत्नी की तबीयत खराब होने पर इलाज के लिए कार से क्लिनिक जा रहे थे. वेंकटेश अस्पताल के सामने बिल्डिंग E02 के पास उन्होंने सड़क किनारे कार रोककर मोबाइल पर बात की. इसी दौरान वहां खड़ी एक KIA कार को लेकर बातचीत हुई. पीड़ित का आरोप है कि उस कार पर पुलिस का नंबर प्लेट लगा था और हूटर भी बज रहा था.
पीड़ित के मुताबिक, बातचीत के दौरान तीन युवक वहां पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हाथ-झापड़ से मारपीट करने लगे. उन्होंने 112 पर सूचना दी. शिकायत में यह भी कहा गया है कि मारपीट के बाद आरोपी दोबारा हमला करने के लिए उनके पीछे दौड़े. पीड़ित ने दोनों गाल और होंठ में दर्द होने की बात कही है. उन्होंने युवकों के शराब के नशे में होने का आरोप भी लगाया है.
सूचना मिलने के बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को थाने ले गई. शिकायत में आरोपियों के नाम चंदन साहू, गुलशन साहू और ओमकार साहू बताए गए हैं. टिकरापारा पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है. पुलिस नंबर प्लेट और हूटर के इस्तेमाल के आरोपों की भी पड़ताल कर रही है.
